
Rahul Gandhi Protest: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी आप सारी ताकत लगा लो, लेकिन छात्रों के इंसाफ की ये लड़ाई अब रोके न रुकेगी.
प्रधानमंत्री आवास के बाहर मंगलवार (21 जुलाई 2026) को प्रदर्शन पर बैठे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कई अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस सभी नेताओं को बस में बैठाकर प्रदर्शनस्थल से दूर लेकर गई. डिटेन होने के बाद राहुल गांधी ने कहा, ‘मोदी जी, हर जोर आजमा लो, सारी ताकत लगा लो, छात्रों के इंसाफ की ये लड़ाई अब रोके न रुकेगी.’
अत्याचार का हिसाब तो देना ही होगा: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, ‘गिरफ्तार करो, जेल में डालो, फर्क नहीं पड़ता, मोदी सरकार की सत्ता की ताकत से ज्यादा बड़ी हमारे सत्याग्रह की शक्ति है. हमारे बच्चों के साथ हुए अत्याचार का हिसाब तो देना ही होगा’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी इस धरना में शामिल हुए थे. कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए ‘7 लोक कल्याण मार्ग’ के निकट धरना दिया और ‘प्रधानमंत्री इस्तीफा दो’, ‘गुंडागर्दी नहीं चलेगी’ और ‘छात्रों को न्याय दो’ जैसे नारे लगाए. धरना शुरू होने के कुछ देर बाद पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया. इससे पहले लोकसभा सदस्य चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, शशिकांत सेंथिल और अन्य नेताओं को भी हिरासत में लिया गया.
राहुल गांधी से बात करने पहुंचे थे जितेंद्र सिंह
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने हाथों में हथकड़ियां पहनकर छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का सांकेतिक विरोध किया. इससे पहले, प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह सचिव गोविंद मोहन मौके पर पहुंचे और राहुल गांधी से धरना समाप्त करने का आग्रह किया. राहुल गांधी ने छात्रों को न्याय दिलाने के इच्छुक लोगों से धरने में शामिल होने की अपील की थी. उन्होंने कहा कि छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है और सरकार को इस मामले में जवाबदेही लेनी चाहिए.
पीएम-गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि सरकार न तो घटना की जवाबदेही लेना चाहती है और न ही संसद में इस पर चर्चा की अनुमति दे रही है. प्रियंका गांधी ने कहा कि विपक्ष सदन में इस मुद्दे पर चर्चा करना चाहता है, लेकिन उसे बोलने नहीं दिया जा रहा. उन्होंने छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की.
इससे पहले, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात की थी. धरने में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, रणदीप सुरजेवाला, पवन खेड़ा और कई अन्य सांसद एवं नेता शामिल हुए.




